पटना : राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने 24 नवंबर 2026 को वायरल वीडियो पर स्वतः संज्ञान लिया और बिहार के डीजीपी प्रीता वर्मा को निष्पक्ष जांच व डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। आयोग ने स्पष्ट किया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने या धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।
यश माहेश्वरी के विवादित बयान पर राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त
आपको बता दें कि यश माहेश्वरी के विवादित बयान पर राष्ट्रीय महिला आयोग सख्त है। महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू की। अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बिहार डीजीपी प्रीता वर्मा से फोन पर बात की। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का निर्देश दिए। बिहार पुलिस से सात दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है। अब सबकी नजर बिहार पुलिस की जांच और कार्रवाई पर है।
दिल्ली में भी इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है
पटना साइबर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(1), 79, 351, 352 और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में भी इस मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। यह विवाद यश माहेश्वरी के शो के एक वायरल क्लिप को लेकर शुरू हुआ, जिसमें छठ पूजा के दौरान सिंदूर लगाने की परंपरा पर कथित अभद्र टिप्पणी की गई थी। साथ ही राजनीतिक दलों ने भी इस पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। विरोध बढ़ने के बाद यश ने वीडियो हटाकर सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है।