भोजपुरी अभिनेता और नेता पवन सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी करने वाले युवक सोनू यादव को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी बिहार के गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के तेतरिया गांव से हुई, जहां भोजपुर साइबर क्राइम थाना की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी कर उसे दबोच लिया।
दरअसल, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में सोनू यादव ने पवन सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। इतना ही नहीं, उसने अभिनेता के परिवार को लेकर भी अभद्र टिप्पणियां कीं और उनके राजनीतिक सफर का मजाक उड़ाया।
वीडियो में आरोपी ने दावा किया कि भोजपुरी इंडस्ट्री में जितनी इज्जत पवन सिंह को नहीं मिली, राजनीति में भी उन्हें वैसी ही स्थिति का सामना करना पड़ेगा। यही वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और पवन सिंह के समर्थकों में भारी नाराजगी फैल गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए भोजपुर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की।
डिजिटल फॉरेंसिक और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की गई और उसकी लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस गया जिले तक पहुंच गई। भोजपुर पुलिस ने गया की आमस थाना पुलिस के सहयोग से तेतरिया गांव में छापेमारी की, जहां से सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को भोजपुर पुलिस अपने साथ लेकर चली गई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस वीडियो को वायरल करने या तैयार करने में किसी और की भी भूमिका थी या नहीं।
आमस थाना के थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पवन सिंह के खिलाफ अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर भोजपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह मामला एक बार फिर इस बात की याद दिलाता है कि सोशल मीडिया पर किसी भी सार्वजनिक व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करना गंभीर कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।
पुलिस का साफ संदेश है कि अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं है। फिलहाल, इस गिरफ्तारी के बाद पवन सिंह के समर्थकों में राहत है, जबकि पुलिस पूरे मामले की हर कड़ी की जांच में जुटी हुई है।
पटना से आभा की रिपोर्ट