नालंदा : इस वक्त की बड़ी खबर नालंदा जिले से है, जहां इस्लामपुर थाना क्षेत्र के शेखअल्ली गांव में भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में जमकर बवाल हुआ। तिलक समारोह में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान समर्थक बेकाबू हो गए। देखते ही देखते रोड़ेबाजी, लाठीचार्ज और जमकर तोड़फोड़ शुरू हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि आखिरकार कार्यक्रम को बीच में ही बंद करना पड़ा।
तिलक समारोह के मौके पर भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम आयोजित किया गया था
दरअसल, शेखअल्ली गांव में चंद्रशेखर कुमार के पुत्र की तिलक समारोह के मौके पर भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। शुरुआत में कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, लेकिन जैसे-जैसे भोजपुरी गानों का सिलसिला आगे बढ़ा, भीड़ बेकाबू होने लगी। इसी दौरान दर्शकों के बीच रोड़ेबाजी शुरू हो गई। खेसारी लाल यादव खुद मंच से लोगों को समझाते और शांति बनाए रखने की अपील करते नजर आए। उन्होंने लोगों से कहा कि पत्थर नहीं, फूल बरसाइए।हंगामा बढ़ने पर सुरक्षाकर्मियों की ओर से लाठीचार्ज किया गया, जिसके बाद गुस्साए दर्शकों ने दर्जनों कुर्सियां तोड़कर आग के हवाले कर दीं। मौके पर अफरातफरी मच गई।
सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति संभालने की काफी कोशिश की
आपको बता दें कि सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति संभालने की काफी कोशिश की, लेकिन हालात नियंत्रित नहीं होने पर कार्यक्रम बंद करना पड़ा। डीएसपी-2 ऋषिराज ने बताया कि कार्यक्रम में मजिस्ट्रेट और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। भीड़ नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। वहीं कार्यक्रम की अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट