भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी की कार पर बेकाबू भीड़ ने किया हमला, गाड़ी के शीशे टूटे

बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ में भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी की फॉर्च्यूनर कार पर बेकाबू भीड़ ने हमला कर दिया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए।

नालंदा : बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ में भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी की फॉर्च्यूनर कार पर बेकाबू भीड़ ने हमला कर दिया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए। यह घटना आज यानी 19 सितंबर की है, जब वह वहां एक नए शोरूम का उद्घाटन करने पहुंची थीं।

भीड़ का बेकाबू होना 

शोरूम के उद्घाटन के मौके पर काजल राघवानी को देखने के लिए बहुत बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे। देखते ही देखते प्रशंसकों और स्थानीय लोगों की भीड़ अनियंत्रित हो गई।  एक्ट्रेस की एक झलक पाने और उनके पास पहुंचने की होड़ में लोगों ने उनकी फॉर्च्यूनर कार पर हाथों और ईंटों से हमला कर दिया। इस वजह से कार की खिड़कियों के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए।

सुरक्षा में चूक 

वहीं मौके पर स्थानीय पुलिस बल तैनात था, लेकिन अचानक बढ़ी बेकाबू भीड़ को संभालने में पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। शोरूम संचालक और सुरक्षाकर्मियों की सूझबूझ से काजल राघवानी को भीड़ को चकमा देकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं काजल राघवानी के बाहर निकलते ही ड्राइवर ने तेज रफ्तार से कार को बाहर निकाला।

हमारे यहां सिर्फ कार्यक्रम को लेकर निमंत्रण कार्ड दिया गया था - लहेरी SHO रणजीत रजक

वहीं घटना के संबंध में लहेरी थानाध्यक्ष रणजीत रजक ने बताया कि हमारे यहां सिर्फ कार्यक्रम को लेकर निमंत्रण कार्ड दिया गया था। वहीं एसडीएम किसलय श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर कोई भी लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।

नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट