खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: साहेबगंज के एमानुएल किस्कू का झारखंड टीम में चयन, रांची ट्रायल के लिए रवाना

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: साहेबगंज के एमानुएल किस्कू का झारखंड टीम में चयन, रांची ट्रायल के लिए रवाना

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 13, 2026, 12:14:00 PM

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन 28 फरवरी 2026 से छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को लेकर झारखंड में टीम चयन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

झारखंड खेल प्राधिकरण द्वारा 9 फरवरी को राज्य टीम चयन का प्रथम चरण पूरा किया गया था। इस चयन प्रक्रिया में आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहेबगंज के प्रशिक्षु एमानुएल किस्कू ने बेहतरीन प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने 110 मीटर हर्डल्स और 4×100 मीटर रिले स्पर्धा में शानदार खेल दिखाते हुए झारखंड टीम में अपनी जगह पक्की कर ली।

इसके बाद युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर, झारखंड सरकार के खेल विभाग के सहयोग से 14 और 15 फरवरी को बिरसा मुंडा स्टेडियम, रांची में द्वितीय चरण का चयन ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। इस ट्रायल में भाग लेने के लिए एमानुएल किस्कू रांची के लिए रवाना हो चुके हैं।

रांची में होने वाले इस चयन ट्रायल में झारखंड समेत देश के 22 राज्यों के एथलीट हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि संथाल परगना प्रमंडल से एमानुएल किस्कू इस ट्रायल में एकमात्र पुरुष प्रतिभागी के रूप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

झारखंड के खेलप्रेमियों को एमानुएल से इस महत्वपूर्ण चयन ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए खेल प्रशिक्षक योगेश यादव और शिक्षा विभाग में कार्यरत मनोज कुमार को तकनीकी पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है।

इस उपलब्धि पर उपायुक्त हेमंत सती, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, आईटीडीए निदेशक संजय कुमार, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा नंद झा, जिला खेल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित जिले के कई खेलप्रेमियों ने एमानुएल को शुभकामनाएं दी हैं।