साहिबगंज में जमीन विवाद ने लिया खू*नी रूप, युवक की पीट-पीटकर ह*त्या

साहिबगंज में जमीन विवाद ने लिया खू*नी रूप, युवक की पीट-पीटकर ह*त्या

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 04, 2026, 11:05:00 AM

साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिण सरफराजगंज के कटहलबाड़ी भट्ठा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक 30 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने उधवा-राधानगर मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।

सूचना मिलते ही राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में करीब छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

भाभी ने लगाए गंभीर आरोप

घटनास्थल पर मौजूद मृतक की भाभी शीला देवी ने आरोप लगाया कि गांव के ही विफल घोष समेत चार-पांच अन्य लोग हथियार और लाठी लेकर उनके घर में जबरन घुस आए। इसके बाद उन्होंने युवक कार्तिक मंडल को घसीटकर घर से बाहर निकाला और बीच सड़क पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी।

पहले भी हो चुकी थी आगजनी की घटना

परिजनों के अनुसार, इस विवाद की जड़ जमीन से जुड़ी है। मृतक की भाभी ने बताया कि 7 जनवरी की रात गांव में कथित साजिश के तहत आगजनी की गई थी, जिसमें करीब 15 घर जलकर राख हो गए थे। इस घटना में कार्तिक मंडल का घर भी जल गया था। आरोप है कि इसके बाद भी कुछ लोगों ने उसे दोबारा घर बनाने से रोकने की कोशिश की थी, जिसकी शिकायत थाने में भी दर्ज कराई गई थी।

परिवार में मातम, पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

कार्तिक मंडल की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।