झारखंड में बदला मौसम का रुख, बारिश के बाद ठंड बढ़ी, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

झारखंड में बदला मौसम का रुख, बारिश के बाद ठंड बढ़ी, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 24, 2026, 11:12:00 AM

झारखंड में इन दिनों मौसम लगातार करवट ले रहा है, जिससे लोगों को एक साथ कई मौसमों का अनुभव हो रहा है। कभी तेज गर्मी, तो कभी ठंडी हवाएं और बीच-बीच में बारिश; इस बदलाव ने जनजीवन को प्रभावित किया है। हाल ही में हुई बारिश के बाद राज्य में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ गया है, खासकर शाम और रात के समय लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही है।

तापमान में आई गिरावट ने ठंड को और बढ़ा दिया है। राज्य का न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राजधानी रांची में भी पारा गिरकर 13 से 14 डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जिसके चलते कई लोग दोबारा गर्म कपड़े और रजाई का सहारा लेने लगे हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है और बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि, अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं जताई गई है, लेकिन न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है।

जिलों की बात करें तो जमशेदपुर और खूंटी में तापमान अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया है। जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान लगभग 19 डिग्री जबकि खूंटी में करीब 15 डिग्री रहा। हालांकि, आने वाले दिनों में इन दोनों क्षेत्रों में भी तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जहां पारा क्रमशः 21 और 17 डिग्री तक पहुंच सकता है।