नेता प्रतिपक्ष ने बैलेट पेपर चुनाव पर उठाये सवाल, कहा-EVM से ही हो मतदान, नहीं तो बढ़ेगी धांधली की आशंका

नेता प्रतिपक्ष ने बैलेट पेपर चुनाव पर उठाये सवाल, कहा-EVM से ही हो मतदान, नहीं तो बढ़ेगी धांधली की आशंका

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 13, 2026, 12:26:00 PM

झारखंड में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। गिरिडीह में भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार के चुनावी फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि चुनाव दलगत आधार पर और ईवीएम के माध्यम से कराए जाने चाहिए थे, लेकिन सरकार द्वारा बैलेट पेपर से मतदान कराने का निर्णय कई तरह की शंकाएं पैदा करता है।

मरांडी ने दावा किया कि पुराने समय में बैलेट पेपर के जरिए हुए चुनावों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां और अनियमितताएं सामने आती रही हैं। इसी वजह से चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ईवीएम प्रणाली लागू की गई थी। उन्होंने कहा कि ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर का विकल्प चुनना चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार जानबूझकर बैलेट पेपर प्रणाली को आगे बढ़ा रही है, जिससे चुनावी प्रक्रिया में धांधली की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह के निर्णय से निष्पक्ष मतदान प्रभावित हो सकता है।

इसके साथ ही बाबूलाल मरांडी ने झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग से मांग की कि सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारदर्शी चुनाव जरूरी है और सरकार को अपने फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा अपने प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।