रांची में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन अब विधानसभा तक पहुंच गया है। कथित पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितता और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र और युवा विधानसभा मार्च के लिए सड़कों पर उतरे हैं।
प्रदर्शन में कई छात्र एवं युवा संगठनों की भागीदारी देखने को मिल रही है। AISA, SFI, AISF, RYA और AIYF समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता छात्रों के साथ मार्च में शामिल हैं। प्रदर्शनकारी हाथों में झंडे, पोस्टर और तख्तियां लेकर सरकार से भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था में बदलाव की मांग कर रहे हैं।
मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के पोस्टरों पर भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और गड़बड़ी के खिलाफ कार्रवाई की मांग से जुड़े नारे लिखे हैं। आंदोलन में AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी शामिल हैं। दिल्ली में छात्र आंदोलन का नेतृत्व करने के बाद वह झारखंड पहुंची हैं और यहां चल रहे प्रदर्शन में छात्रों के साथ खड़ी नजर आ रही हैं।
छात्रों का कहना है कि सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और परीक्षा प्रणाली में व्यापक स्तर पर सुधार किए जाने की मांग की जा रही है।
छात्र संगठनों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगों पर ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। विधानसभा मार्च के जरिए प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।