झारखंड में JPSC और JSSC प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन अब विधानसभा के बेहद करीब पहुंच गया है। हजारों की संख्या में छात्र तिरंगा और विभिन्न मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर आगे बढ़ रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्र लगातार नारेबाजी कर रहे हैं और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन इसका छात्रों की भीड़ पर खास असर नहीं दिखा। इसके बाद मौके पर पुलिस बल की तैनाती और बढ़ा दी गई है। छात्रों के लगातार आगे बढ़ने के कारण पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आमने-सामने की स्थिति बनने की आशंका जताई जा रही है।
विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शनकारी निर्धारित सीमा से आगे न बढ़ें, जबकि छात्र अपनी मांगों को लेकर विधानसभा तक पहुंचने पर अड़े हुए हैं। बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी के कारण पूरे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
छात्र आंदोलन का असर राजधानी के यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदर्शनकारियों के जुटने और सुरक्षा व्यवस्था के कारण हरमू रोड और बिरसा चौक से जुड़ी कई सड़कों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।