गढ़वा में रिश्वतखोरी पर कड़ी कार्रवाई, राजस्व उप निरीक्षक निलंबित

गढ़वा में रिश्वतखोरी पर कड़ी कार्रवाई, राजस्व उप निरीक्षक निलंबित

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 12, 2026, 11:01:00 AM

गढ़वा जिले में भ्रष्टाचार के मामलों पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए भंडरिया अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व उप निरीक्षक शिवपत राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कदम उपायुक्त दिनेश यादव के निर्देश पर उठाया गया है।

प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई 3 फरवरी को आयोजित जनता दरबार में प्राप्त एक लिखित शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मौजा जनेवा स्थित जमीन (खाता संख्या 111, प्लॉट संख्या 863, कुल रकबा 4.28 एकड़) से संबंधित जांच रिपोर्ट भेजने के एवज में कर्मचारी द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत के साथ कॉल रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की गई थी, जिसे अहम सबूत माना गया।

मामले की जांच अपर समाहर्ता राज महेश्वरम द्वारा कराई गई, जिसमें शिकायत को सही पाया गया। जांच रिपोर्ट में बताया गया कि संबंधित कर्मचारी ने अपने स्पष्टीकरण में पैसे मांगने की बात स्वीकार भी की थी। इसे सरकारी नियमों का उल्लंघन मानते हुए झारखंड सरकारी सेवक नियमावली 2016 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई।

निलंबन अवधि के दौरान शिवपत राम का मुख्यालय अंचल कार्यालय खरौंधी निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें प्रतिदिन उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी मिलेगा।

प्रशासन ने भंडरिया अंचल अधिकारी को निर्देश दिया है कि जल्द आरोप पत्र तैयार कर विभागीय प्रक्रिया शुरू की जाए।

उपायुक्त दिनेश यादव ने स्पष्ट किया कि जिले में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो लोग बिना भय के इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।