आंधी, बारिश और गिरते तापमान से बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

आंधी, बारिश और गिरते तापमान से बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 20, 2026, 11:04:00 AM

झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को चौंका दिया। गुरुवार शाम तेज हवाओं और हल्की बारिश ने जहां गर्मी से राहत पहुंचाई, वहीं तापमान में आई गिरावट ने ठंड का एहसास फिर से बढ़ा दिया। मौसम में आए इस बदलाव के कारण लोगों की दिनचर्या पर भी असर देखा गया। शाम के समय रांची और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जिसने पूरे वातावरण को बदल दिया। दिनभर की उमस से परेशान लोगों को राहत जरूर मिली, लेकिन हवा में ठंडक घुलने से कई लोग हल्के गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम को पूरी तरह से पलट दिया।

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने 20 मार्च के लिए राज्य के कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों के अलावा रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में तेज आंधी, मेघगर्जन और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इन इलाकों में हवाओं की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

दक्षिणी और पश्चिमी झारखंड के जिलों; पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां के लिए भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च को भी राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम का यह असर बना रह सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश की संभावना है, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। धनबाद में ओलावृष्टि हुई, जबकि बोकारो जिले के नावाडीह क्षेत्र में सर्वाधिक 43 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आगे के पूर्वानुमान की बात करें तो 22 और 23 मार्च को मौसम के साफ और शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि 20 और 21 मार्च तक राज्य में बादल, बारिश और तेज हवाओं का असर जारी रह सकता है।

राजधानी रांची के लिए आगामी दिनों का तापमान अनुमान इस प्रकार है:

20 मार्च : अधिकतम 31°C और न्यूनतम 19°C,
21 मार्च : अधिकतम 30°C और न्यूनतम 17°C,
22 मार्च : अधिकतम 31°C और न्यूनतम 17°C,
23 मार्च : अधिकतम 33°C और न्यूनतम 18°C