उत्तर भारत की बर्फबारी का झारखंड में असर, ठंडी हवा के बीच धूप ने बढ़ाया दिन का तापमान

उत्तर भारत की बर्फबारी का झारखंड में असर, ठंडी हवा के बीच धूप ने बढ़ाया दिन का तापमान

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में जारी बर्फबारी का असर अब झारखंड के मौसम पर भी साफ दिखने लगा है। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का हल्का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि इस बदलाव के पीछे उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही हवाएं प्रमुख कारण हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में इन दिनों उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बना हुआ है, जिससे उत्तर दिशा से ठंडी हवा झारखंड में प्रवेश कर रही है। इसी वजह से न्यूनतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है। हालांकि, दिन के समय हवा चलने के बावजूद सूरज की तीखी किरणों के कारण तापमान में बढ़ोतरी महसूस की जा रही है।

शनिवार को चाईबासा में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे साफ है कि राज्य में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।

रांची और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार सुबह से ही मौसम साफ रहा और मध्यम गति की ठंडी हवाएं चलती रहीं। सुबह और शाम के समय कनकनी बनी रही, लेकिन दोपहर में लोगों को हल्की गर्मी का अनुभव हुआ।

शनिवार को विभिन्न शहरों में तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया: 

शहरअधिकतम तापमान (°C)न्यूनतम तापमान (°C)
रांची24.710.8
जमशेदपुर28.010.6
डाल्टनगंज28.67.1
बोकारो27.29.1
चाईबासा32.010.4

मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि फिलहाल इसी तरह ठंडी रातों और गर्म दोपहर का सिलसिला जारी रह सकता है।