हटिया स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 25 बोतल अवैध श*राब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

हटिया स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 25 बोतल अवैध श*राब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 07, 2026, 3:19:00 PM

हटिया रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सतर्कता अभियान के तहत अवैध शराब तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। जांच के दौरान आरपीएफ ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके पास से कुल 25 बोतल शराब बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान नालंदा निवासी सुधीर कुमार और जहानाबाद निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है।आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई रांची के आरपीएफ सिक्योरिटी कमिश्नर पवन कुमार के निर्देश पर ‘ऑपरेशन सतर्क’ के अंतर्गत की गई।

बताया गया कि स्टेशन के मुख्य प्रवेश-निकास द्वार पर चेकिंग के दौरान दोनों संदिग्ध व्यक्ति एक साथ हाथ में थैला लेकर अंदर आते नजर आए। जब ड्यूटी पर तैनात लगेज स्कैनर स्टाफ रीना यादव ने उन्हें सामान एक्स-बी-एस मशीन में रखने के लिए कहा, तो दोनों घबरा गए और वहां से भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि आरपीएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके बैग से 25 बोतल अवैध शराब मिली, जिसे उपनिरीक्षक रीता कुमारी ने जब्त किया।

पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने यह शराब रांची के खोराटोली क्षेत्र से खरीदी थी और इसे बिहार के एकंगरसराय ले जाकर अधिक दाम पर बेचने के उद्देश्य से परिवहन कर रहे थे। आरपीएफ ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रीता कुमारी, सूरज राजबंशी, आर.के. महतो, रीना यादव, सोनाली शर्मा समेत अन्य आरपीएफ कर्मी शामिल रहे।