होली पर 'घर वापसी' हुई मुश्किल! ट्रेन में सीट नहीं, फ्लाइट किराया भी तीन गुना बढ़ा

होली पर 'घर वापसी' हुई मुश्किल! ट्रेन में सीट नहीं, फ्लाइट किराया भी तीन गुना बढ़ा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 25, 2026, 3:44:00 PM

होली में अब गिनती के दिन रह गए हैं, लेकिन घर जाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए आसमान का सफर लगातार महंगा होता जा रहा है। त्योहार से ठीक पहले प्रमुख घरेलू रूट्स पर विमान किराए में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खासकर दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से बिहार व पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाली फ्लाइट्स के दाम सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुने-तीन गुने हो गए हैं।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार दिल्ली–पटना रूट पर जहां आमतौर पर टिकट 4 से 5 हजार रुपये में मिल जाता था, वही अब 13 हजार रुपये से ऊपर बिक रहा है। बेंगलुरु से गोरखपुर की एकतरफा यात्रा के लिए यात्रियों को करीब 19,500 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। मुंबई से वाराणसी और पटना जाने वाले यात्रियों को भी 12 से 15 हजार रुपये तक किराया चुकाना पड़ रहा है।

डायनेमिक प्राइसिंग और बढ़ती मांग

एयरलाइंस कंपनियों ने बढ़ती मांग को देखते हुए ‘डायनेमिक प्राइसिंग’ लागू कर दी है, जिसके कारण सीटें कम होते ही किराए तेजी से बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि होली की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आएगी, टिकटों के दाम और चढ़ सकते हैं।

ट्रेन में जगह नहीं, लोग उड़ान पर मजबूर

किराए में उछाल की बड़ी वजह रेलवे में भारी भीड़ भी मानी जा रही है। दिल्ली और मुंबई से चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के चलते कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। स्थिति को संभालने के लिए रेलवे ने 186 से ज्यादा ‘होली स्पेशल’ ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, लेकिन यात्रियों की संख्या के मुकाबले सीटें कम पड़ रही हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग फ्लाइट का विकल्प चुन रहे हैं, जिसका असर किरायों पर साफ दिख रहा है।

यात्रियों के लिए क्या है विकल्प

यात्रा विशेषज्ञों की सलाह है कि अंतिम समय पर टिकट बुक कराने से बचें, क्योंकि यही सबसे महंगा पड़ता है। उनका अनुमान है कि 10 मार्च के बाद मांग घटने के साथ किरायों में कुछ राहत मिल सकती है। तब तक जिन यात्रियों की योजना लचीली है, उनके लिए विशेष ट्रेनें या बस सेवाएं अपेक्षाकृत सस्ता विकल्प साबित हो सकती हैं।