रांची के ब्राम्बे इलाके से एक अहम खबर सामने आई है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड (CUJ) परिसर में मंगलवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम पहुंची, जिसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में हलचल बढ़ गई।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की गाड़ियां विश्वविद्यालय परिसर के बाहर देखी गईं। मौके पर शिक्षक और विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। छापेमारी की खबर फैलते ही परिसर के बाहर गतिविधियां तेज हो गईं।
इस बीच यह भी कहा गया कि कार्रवाई के दौरान परिसर में प्रवेश को लेकर सख्ती बरती जा रही है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन दावों को स्पष्ट करते हुए कहा है कि किसी भी व्यक्ति के आने-जाने पर आधिकारिक रूप से रोक नहीं लगाई गई है।
सीयूजे के कुलपति कार्यालय ने पुष्टि की है कि सीबीआई की टीम जांच के सिलसिले में विश्वविद्यालय आई है। कुलपति ने बताया कि यह मामला पुराना है और विश्वविद्यालय प्रशासन जांच एजेंसी को पूरा सहयोग दे रहा है।
फिलहाल सीबीआई की कार्रवाई किस प्रकरण से जुड़ी है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। मामले को लेकर आगे की स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है।