रांची : सिविल कोर्ट के बाद अब डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

रांची : सिविल कोर्ट के बाद अब डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 12, 2026, 2:18:00 PM

रांची में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सिविल कोर्ट को धमकी मिलने के बाद अब समाहरणालय (डीसी कार्यालय) को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल भेजे जाने की खबर सामने आई है। इस सूचना के मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग में खलबली मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।

सूत्रों के अनुसार, यह धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई। जैसे ही इसकी जानकारी अधिकारियों तक पहुंची, समाहरणालय परिसर को तत्काल चारों ओर से घेर लिया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र बॉम्ब निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।

टीमें समाहरणालय के भीतर मौजूद सभी कमरों, कार्यालयों और आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी ले रही हैं। किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए तलाशी अभियान को बेहद गंभीरता से अंजाम दिया जा रहा है।

धमकी के बाद समाहरणालय की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्य प्रवेश द्वार पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है और बिना जांच के किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

धमकी की जानकारी फैलते ही परिसर में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों के बीच कुछ समय के लिए तनाव और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

पुलिस ने धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि यह ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर परिसर में तलाशी अभियान जारी रखा गया है।