JPSC-JSSC आंदोलन पर पुलिस की पैनी नजर, स्पेशल ब्रांच ने राज्य में जारी किया अलर्ट

JPSC-JSSC आंदोलन पर पुलिस की पैनी नजर, स्पेशल ब्रांच ने राज्य में जारी किया अलर्ट

झारखंड में JPSC और JSSC की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है। संभावित आंदोलन को देखते हुए झारखंड पुलिस की विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच) ने राज्य के सभी उपायुक्तों (DC), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP), पुलिस अधीक्षकों (SP), रेल पुलिस और अन्य संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से आवश्यक तैयारियां करने को कहा गया है।\

स्पेशल ब्रांच ने 28 जुलाई 2026 को जारी अपने पत्र में संकेत दिया है कि विभिन्न छात्र संगठनों और राजनीतिक समूहों की ओर से आने वाले दिनों में पदयात्रा, धरना, सत्याग्रह, विरोध प्रदर्शन, भूख हड़ताल और विधानसभा घेराव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इन गतिविधियों के मद्देनजर सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।

खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, 25 जुलाई 2026 से रांची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित मोरहाबादी मैदान के बापू वाटिका के सामने झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग अभ्यर्थी न्याय मंच  के बैनर तले अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह चल रहा है। इस आंदोलन का नेतृत्व छात्र नेता दीनबंधु महतो और जेएलकेएम के देवेंद्र महतो कर रहे हैं। प्रदर्शन में लगभग 50 से 60 अभ्यर्थियों की भागीदारी बताई गई है।

आंदोलनकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया और पारदर्शी भर्ती प्रणाली लागू करने की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट में उल्लेख है कि 29 जुलाई को बापू वाटिका से परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक तक पदयात्रा निकाली गई। यह कार्यक्रम झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता डॉ. उदय महतो के नेतृत्व में आयोजित हुआ। पदयात्रा के दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन और राष्ट्रगान भी किया गया।

2 अगस्त से भूख हड़ताल, 6 अगस्त को विधानसभा घेराव की तैयारी

आंदोलनकारी संगठनों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो 2 और 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। इसके अलावा 6 अगस्त, जब राज्य विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा होगा, उस दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों द्वारा विधानसभा घेराव किए जाने की योजना भी सामने आई है। खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्रों के रांची पहुंचने की संभावना है।

स्पेशल ब्रांच की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि आंदोलन को कई निजी शिक्षण संस्थानों का समर्थन मिल सकता है। साथ ही सड़क और रेल मार्ग के जरिए अलग-अलग जिलों से छात्रों के राजधानी पहुंचने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

विशेष शाखा ने सभी जिला प्रशासन और पुलिस इकाइयों को निर्देशित किया है कि प्रस्तावित कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और आवश्यक एहतियाती कदम पहले से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।