गिरिडीह जिले में सीसीएल क्षेत्र के पास हुए हत्या कांड के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। पांच मई की शाम सीपी साइडिंग स्थित क्रशर क्षेत्र में हुए हिंसक विवाद में खंडीहा निवासी दिलीप दास की मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में तनाव और विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला। अब इस मामले में मृतक के परिवार की शिकायत पर मुफस्सिल थाना में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
शुक्रवार सुबह राज्य सरकार के मंत्री और स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने मृतक की मां कौशल्या देवी और अन्य परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। मुलाकात के दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि दिलीप दास मंगलवार शाम अपनी बहन के घर बगुलवाटांड जा रहे थे, तभी रास्ते में सीसीएल से जुड़े कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी जान चली गई। परिवार ने इस मामले में सीसीएल अधिकारी रामसागर सहित अन्य कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों को ढांढस बंधाते हुए मंत्री ने हरसंभव सरकारी और सामाजिक सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ रोजगार की व्यवस्था कराने का भी प्रयास किया जाएगा। बातचीत के दौरान मंत्री ने मृतक की मां को हिम्मत बनाए रखने की सलाह देते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार और स्थानीय लोग उनके साथ खड़े हैं।
मुलाकात के दौरान स्थानीय लोगों ने मंत्री के सामने सीसीएल सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना था कि गार्डों का रवैया स्थानीय लोगों के प्रति ठीक नहीं है और बाहरी लोगों के साथ उनकी सांठगांठ की शिकायत लंबे समय से उठती रही है। मंत्री ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके पर पूर्व मुखिया शंकर दास, अधिवक्ता सुशील दास, झामुमो नेता दिलीप रजक, रंजीत यादव सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। इससे पहले झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने भी सीसीएल प्रबंधन से बातचीत कर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग उठाई थी। बताया जा रहा है कि प्रबंधन की ओर से सहायता राशि देने का भरोसा दिया गया है।
उधर, पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।