देवघर में NIA और ATS की संयुक्त कार्रवाई, हथियार तस्करी के शक में दो युवक गिरफ्तार

देवघर में NIA और ATS की संयुक्त कार्रवाई, हथियार तस्करी के शक में दो युवक गिरफ्तार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 23, 2026, 1:20:00 PM

झारखंड के देवघर जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और राज्य की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने गुरुवार को एक समन्वित अभियान चलाकर दो युवकों को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई शहर के अलग-अलग इलाकों में की गई, जहां टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल दोनों संदिग्धों से नगर थाना में पूछताछ जारी है, जबकि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एजेंसियों ने आधिकारिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।

सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसियों को देवघर में अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़ी ठोस जानकारी मिली थी। इसी आधार पर एनआईए और एटीएस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन की योजना बनाई। सबसे पहले नंदन पहाड़ के पास स्थित नंदी नगर इलाके में छापा मारा गया, जहां से एक युवक को पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि वह अपने रिश्तेदार के घर ठहरा हुआ था। इसके बाद टीम ने भुरभुरा मोड़ के नजदीक दूसरी कार्रवाई करते हुए एक और संदिग्ध को हिरासत में लिया।

प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि नंदी नगर से पकड़ा गया युवक बिहार के आरा जिले का निवासी है। उसके पिता देवघर में एक निजी विद्यालय में ड्राइवर के तौर पर काम करते हैं और परिवार फिलहाल कुंडा थाना क्षेत्र के चितोलोढ़िया इलाके में रह रहा है। बताया जा रहा है कि युवक हाल के दिनों में अपने ननिहाल में रह रहा था।

इस कार्रवाई के बाद पूरे शहर में हलचल तेज हो गई है। सुरक्षा एजेंसियां दोनों संदिग्धों के संभावित नेटवर्क और गतिविधियों की गहन पड़ताल कर रही हैं, ताकि हथियार तस्करी से जुड़े किसी बड़े नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।