जयपुर एयरपोर्ट पर MSD और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की खास मुलाकात

जयपुर एयरपोर्ट पर MSD और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की खास मुलाकात

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 31, 2026, 1:50:00 PM

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी शुक्रवार को जयपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर उनकी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से संक्षिप्त लेकिन अहम मुलाकात हुई। दोनों नेताओं का आमना-सामना जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 स्थित वीआईपी लाउंज में हुआ, जहां कुछ देर तक बातचीत चली।

सूत्रों के अनुसार, धोनी दिल्ली से एक विशेष विमान से जयपुर आए थे, जबकि ओम बिरला भी दिल्ली से ही अपनी निर्धारित फ्लाइट से राजधानी पहुंचे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जवाहर सिंह बेढम और लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता भी मौजूद रहे।

धोनी के जयपुर पहुंचने की खबर मिलते ही एयरपोर्ट पर प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई थी, जिसके चलते उन्हें फैंस से मिलने का अधिक अवसर नहीं मिल सका। एयरपोर्ट पर औपचारिकताओं के बाद धोनी सीधे होटल रामबाग के लिए रवाना हो गए।

बताया जा रहा है कि महेंद्र सिंह धोनी जयपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं। उनके आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट और होटल दोनों स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। धोनी की एक झलक पाने को उत्साहित फैंस को निराशा जरूर हुई, लेकिन सुरक्षा कारणों से उनका एयरपोर्ट पर ठहराव बेहद सीमित रहा।