रांची : ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से आगामी एक नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस विशाल रैली में हिस्सा लेने के लिए देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का दिल्ली पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में झारखंड की राजधानी रांची से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।
राज्य की कृषि मंत्री और पूर्व मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर 13 बसों को दिल्ली के लिए किया रवाना
राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने हरी झंडी दिखाकर 13 बसों को दिल्ली के लिए रवाना किया। झारखंड से ट्रेन और बसों के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। इस मौके पर कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोला। उन्होंने मांग की कि नए सिरे से एसआईआर प्रक्रिया पूरी की जाए और निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।
संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमले किए जा रहे हैं और देश की राष्ट्रीय संपत्तियों को बेचा जा रहा है - पूर्व मंत्री बंधु तिर्की
वहीं, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमले किए जा रहे हैं और देश की राष्ट्रीय संपत्तियों को बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी एक नवंबर को रामलीला मैदान में कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन एकजुट होकर केंद्र सरकार को करारा जवाब देगा।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट