झारखंड कैडर के IPS अफसरों की अचल संपत्ति सूची जारी, 125 में 117 गृह मंत्रालय को सौंपा संपत्ति ब्योरा

झारखंड कैडर के IPS अफसरों की अचल संपत्ति सूची जारी, 125 में 117 गृह मंत्रालय को सौंपा संपत्ति ब्योरा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 10, 2026, 9:45:00 AM

झारखंड कैडर में कार्यरत कुल 125 आईपीएस अधिकारियों में से 117 अधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को अपनी अचल संपत्ति (Immovable Property Return) का विवरण जमा कर दिया है। इस रिटर्न से स्पष्ट हुआ है कि अधिकांश अधिकारियों की संपत्तियां पूर्व वर्षों में खरीदी गई थीं, जबकि वर्ष 2025 के दौरान केवल 10 आईपीएस अधिकारियों ने नई अचल संपत्ति खरीदने की जानकारी दी है।

रिटर्न के मुताबिक, वर्ष 2025 में संपत्ति खरीदने वाले अधिकारियों में 1990 बैच के अनिल पाल्टा, 1997 बैच के आशीष बत्रा, 2008 बैच के अजय लिंडा, 2010 बैच के अश्विनी कुमार सिन्हा और शैलेंद्र प्रसाद वर्णवाल, 2012 बैच के आनंद प्रकाश तथा 2016 बैच के पूज्य प्रकाश, राजकुमार मेहता, सहदेव साव और सौरभ शामिल हैं।

रिटर्न में दर्ज विवरण के अनुसार, 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी अनिल पाल्टा ने पश्चिम बंगाल के पूर्वा वर्द्धमान जिले के जमालपुर क्षेत्र में 198 डिसमिल भूमि खरीदी है। इस जमीन की कीमत 4.50 लाख रुपये बताई गई है।

वहीं 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में एनआईए में आईजी के पद पर कार्यरत आशीष बत्रा ने पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर में 504 वर्गयार्ड का आवासीय प्लॉट खरीदा है, जिसकी अनुमानित लागत 4.33 करोड़ रुपये बताई गई है।

रांची में कई अधिकारियों ने खरीदी जमीन और फ्लैट

2008 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय लिंडा ने रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित डोरियाटोली में 14.1 डिसमिल जमीन खरीदी है। इस खरीद पर 32.43 लाख रुपये खर्च होने की बात सामने आई है।

इसी तरह 2010 बैच के आईपीएस अश्विनी कुमार सिन्हा ने रांची के नगड़ी क्षेत्र के सुगदा इलाके में सात लाख रुपये में जमीन खरीदने की जानकारी दी है। एंटी करप्शन ब्यूरो के आईजी शैलेंद्र प्रसाद वर्णवाल ने भी रांची में अचल संपत्ति खरीदी है। उन्होंने कांटाटोली स्थित वासुदेव रेसिडेंसी में 16.66 लाख रुपये में एक फ्लैट लेने का विवरण रिटर्न में दर्ज कराया है। 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी और बोकारो के डीआईजी आनंद प्रकाश ने रांची के अरगोड़ा क्षेत्र के अशोक नगर स्थित तेजस्वी अपार्टमेंट में 55 लाख रुपये में एक फ्लैट खरीदा है।

सीआईडी में पदस्थापित एसपी पूज्य प्रकाश ने रांची के पिठोरिया क्षेत्र अंतर्गत सुतियांबे में 34 डिसमिल जमीन 7.82 लाख रुपये में खरीदने की जानकारी दी है। जामताड़ा के एसपी राजकुमार मेहता ने रांची के सुगदा में 11.8 डिसमिल जमीन खरीदी, जिसकी कीमत 3.50 लाख रुपये बताई गई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के एसपी सहदेव साव ने गिरिडीह के खोरीमहुआ में 40 डिसमिल जमीन खरीदी है, जिसका मूल्य 3.30 लाख रुपये बताया गया है।

रिटर्न के अनुसार, देवघर के एसपी सौरभ ने वैशाली जिले के मनीहारी क्षेत्र में अपनी दादी के नाम पर 15 लाख रुपये की जमीन खरीदे जाने का उल्लेख किया है।

कई अधिकारियों के पास पहले से मौजूद है अचल संपत्ति

रिटर्न में यह भी सामने आया है कि कई आईपीएस अधिकारियों के पास पहले से अचल संपत्ति मौजूद है, जो उन्होंने पूर्व वर्षों में खरीदी थी। इनमें 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रशांत सिंह का नाम प्रमुख है। उन्होंने वर्ष 2024 में रांची के अशोक नगर में 8400 वर्गफीट आवासीय जमीन 2.25 करोड़ रुपये में खरीदी थी।

इसके अतिरिक्त, जिन अधिकारियों के नाम पहले से मौजूद संपत्ति विवरण में शामिल हैं, उनमें मनीलाल मंडल (2011), प्रभात कुमार (2014), सरोजनी लकड़ा (2014), पितांबर सिंह खेरवार (2017), राकेश रंजन (2017), नाजिश उमर अंसारी (2023), शुभम मीणा (2023) और विपिन दुबे (2023) शामिल हैं।

गृह मंत्रालय को सौंपे गए इन रिटर्न दस्तावेजों के आधार पर झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारियों की संपत्ति संबंधी स्थिति सामने आई है, जिसमें वर्ष 2025 में सीमित संख्या में अधिकारियों द्वारा नई अचल संपत्ति खरीदने का खुलासा हुआ है।