झारखंड में चार दिन तक बदले रहेंगे मौसम के तेवर, कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट

झारखंड में चार दिन तक बदले रहेंगे मौसम के तेवर, कई जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 14, 2026, 3:44:00 PM

झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में 17 मई तक अस्थिर मौसम बने रहने की चेतावनी जारी की है। पूर्वी, मध्य और दक्षिणी जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार, 14 मई को राज्य के पूर्वी और उससे सटे मध्य क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां अधिक सक्रिय रह सकती हैं। दुमका, देवघर, जामताड़ा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, गिरिडीह, धनबाद, रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा और खूंटी जैसे जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इन इलाकों में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है।

15 मई के लिए दो स्तर की चेतावनी

15 मई को मौसम विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पूर्वी जिलों; गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह और धनबाद में हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। इन इलाकों में वज्रपात और तेज आंधी की आशंका भी जताई गई है।

इसके अलावा रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम सहित दक्षिणी एवं मध्य झारखंड में भी गरज-चमक के साथ मौसम बिगड़ने के संकेत हैं।

मौसम केंद्र के मुताबिक 16 मई को भी पूर्वी और मध्य झारखंड में बादल, तेज हवा और बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं 17 मई को उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम अस्थिर रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और तेज हवा चलने का खतरा बना रहेगा।

हालांकि अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान है, लेकिन रुक-रुक कर होने वाली बारिश लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत दे सकती है। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश विकसित होने की संभावना जताई गई है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री रहने का अनुमान है।

बीते 24 घंटे के दौरान रांची के हिनू क्षेत्र में 14.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं रांची एयरपोर्ट क्षेत्र का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री रहा।

डाल्टनगंज सबसे गर्म, लातेहार सबसे ठंडा

राज्य में सबसे अधिक गर्मी पलामू जिले के डाल्टनगंज में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दूसरी ओर, लातेहार सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा, जबकि जमशेदपुर में तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री नीचे है। बोकारो में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य औसत से 6.5 डिग्री कम बताया गया। पिछले 24 घंटों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा हजारीबाग के बरही में 25.2 मिमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा गोड्डा के पथरगामा में 24.2 मिमी, गिरिडीह के पालगंज में 20 मिमी और पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में 20.1 मिमी बारिश हुई।

रांची के बुढ़मू में 18.2 मिमी, कोडरमा में 15.4 मिमी, पाकुड़ के महेशपुर और रांची के हिनू में 14.4 मिमी तथा लातेहार में 13.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। खूंटी, लोहरदगा, गुमला और सरायकेला के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश हुई।

मौसम की खराब स्थिति के बीच कई जिलों से हादसों की खबरें भी सामने आई हैं। लातेहार में तेज आंधी के दौरान एक मकान पर पेड़ गिरने से महिला की मौत हो गई। वहीं पलामू जिले के हैदरनगर और लेस्लीगंज क्षेत्रों में पेड़ गिरने की घटनाओं में दो बाइक सवार युवकों की जान चली गई।

मौसम विभाग ने लोगों को बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, जलाशयों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने को कहा है। तेज हवा के समय कमजोर ढांचों और टिन शेड से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। किसानों को खेतों में काम करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने को कहा गया है। साथ ही गरज-चमक के दौरान मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सीमित उपयोग करने की अपील की गई है।