राजधानी रांची सहित आसपास के इलाकों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बीते दिनों हल्की गर्मी का एहसास होने लगा था, लेकिन अब ठंडी हवाओं के साथ तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है और ठंड का असर दोबारा बढ़ेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने अपने ताजा पूर्वानुमान में बताया है कि फरवरी माह के अंत तक राज्य में मौसम लगातार बदलाव के दौर से गुजरता रहेगा। विभाग के अनुसार, फिलहाल दो दिनों तक मौसम में बड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन इसके बाद ठंड फिर से तेज होने के संकेत हैं।
मंगलवार देर शाम राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में ठंडी हवा का असर बढ़ने लगा, जिससे मौसम में बदलाव का संकेत साफ नजर आया। आने वाले दिनों में राज्य के कुछ इलाकों में कोहरा छाने और आंशिक रूप से बादल दिखने की संभावना है। हालांकि मौसम सामान्यतः शुष्क बना रहेगा।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि फिलहाल तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। बीते 24 घंटों के दौरान राज्यभर में मौसम शुष्क रहा, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया।
इस अवधि में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज हुआ।
रांची में इस दौरान अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
अभिषेक आनंद के मुताबिक, अगले दो दिनों यानी 4 और 5 फरवरी को न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद 6, 7 और 8 फरवरी के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का प्रभाव बढ़ने की संभावना है।
4 फरवरी: अधिकतम 26°C, न्यूनतम 12°C
5 फरवरी: अधिकतम 26°C, न्यूनतम 10°C
6 फरवरी: अधिकतम 25°C, न्यूनतम 9°C
7 फरवरी: अधिकतम 25°C, न्यूनतम 9°C