झारखंड में गर्मी ने दी दस्तक, बर्फीली हवाओं का असर खत्म

झारखंड में गर्मी ने दी दस्तक, बर्फीली हवाओं का असर खत्म

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 12, 2026, 2:06:00 PM

झारखंड में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है। बर्फीली हवाओं का असर कम होते ही राज्य के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिन में धूप की गर्माहट तेज महसूस हो रही है, जबकि रात की ठंड फिलहाल पूरी तरह खत्म होती नहीं दिख रही।

मौसम विभाग के अनुसार, 13 फरवरी को भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। हालांकि इसके बाद तापमान में फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में ठंड और गर्मी के बीच उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

दक्षिणी झारखंड में सबसे ज्यादा गर्मी

मौसम केंद्र, रांची द्वारा 12 फरवरी को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया। यहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पूरे झारखंड में सबसे ज्यादा रहा। इसके बाद सरायकेला में 32.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। वहीं, जमशेदपुर में पारा 31.7 डिग्री और डाल्टनगंज में 31.6 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया।

अन्य जिलों में भी दिन का तापमान बढ़ता नजर आया:

  • रांची: 27.2 डिग्री

  • बोकारो: 28.1 डिग्री

  • देवघर: 28.8 डिग्री

  • खूंटी: 29.0 डिग्री

  • पाकुड़: 29.3 डिग्री

  • सिमडेगा: 29.8 डिग्री

हालांकि, लातेहार एकमात्र ऐसा जिला रहा जहां अधिकतम तापमान सबसे कम 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान भी ऊपर चढ़ा

रात के तापमान में भी वृद्धि देखी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, गुमला में न्यूनतम तापमान सबसे कम रहा, लेकिन इसमें भी बढ़ोतरी हुई है। 11 फरवरी को गुमला का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री था, जो बढ़कर 8.1 डिग्री सेल्सियस हो गया। खूंटी में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो बीते 24 घंटे में करीब 1 डिग्री बढ़ा। वहीं लोहरदगा में 9.5 डिग्री और हजारीबाग में 9.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

प्रमुख शहरों में स्थिति इस प्रकार रही:

  • रांची: 10.8 डिग्री

  • जमशेदपुर: 13.6 डिग्री

  • डाल्टनगंज: 9.0 डिग्री

  • बोकारो: 11.2 डिग्री सेल्सियस

  • मौसम केंद्र ने अनुमान जताया है कि 14 फरवरी से 16 फरवरी के बीच तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसका असर खासतौर पर रात के समय देखने को मिलेगा, जब ठंड फिर से महसूस होने लगेगी हालांकि दिन के तापमान में भी गिरावट संभव है, लेकिन धूप निकलने पर गर्मी बनी रह सकती है, क्योंकि फिलहाल तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है।