हजारीबाग : बड़कागांव में दिनदहाड़े फा*यरिंग से सनसनी, जेवर कारोबारी पर अंधाधुंध बरसाईं गोलियां

हजारीबाग : बड़कागांव में दिनदहाड़े फा*यरिंग से सनसनी, जेवर कारोबारी पर अंधाधुंध बरसाईं गोलियां

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 07, 2026, 3:26:00 PM

हजारीबाग जिले के बड़कागांव क्षेत्र में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा घटना शुक्रवार को सामने आई, जब बसरिया मोहल्ला में अज्ञात हमलावरों ने जेवर व्यवसायी प्रभु सोनी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

फायरिंग के दौरान गोली लगने से प्रभु सोनी मौके पर ही सड़क पर गिर पड़े। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोलियों की आवाज सुनते ही लोग घबराकर अपने घरों में दुबक गए और कुछ ही देर में घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। माहौल चीख-पुकार और अफरा-तफरी से भर गया।

स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में प्रभु सोनी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रभु सोनी क्षेत्र में एक शांत स्वभाव और विवाद से दूर रहने वाले कारोबारी के रूप में पहचाने जाते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा की जांच भी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई है, जबकि आसपास के गांवों और सीमावर्ती इलाकों में भी तलाशी अभियान जारी है।

दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग भय के माहौल में हैं और प्रशासन से त्वरित व सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।