रांची में राज्यपाल संतोष गंगवार ने डाला वोट, कहा-"स्थानीय विकास के लिए सजग रहें मतदाता"

रांची में राज्यपाल संतोष गंगवार ने डाला वोट, कहा-"स्थानीय विकास के लिए सजग रहें मतदाता"

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 23, 2026, 2:46:00 PM

रांची के एटीआई परिसर में आयोजित मतदान के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत की और नागरिकों से बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचने की अपील की।

राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसे चुनना है, यह निर्णय पूरी तरह मतदाता का होता है, लेकिन मतदान करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से स्थानीय निकाय चुनावों का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिनिधियों का चयन किया जाना चाहिए जो क्षेत्रीय समस्याओं को समझें और शहर व राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध हों।

उन्होंने जोर देकर कहा कि नगर निकायों में चुने गए जनप्रतिनिधि सीधे तौर पर लोगों की दैनिक जरूरतों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े होते हैं, इसलिए मतदान सोच-समझकर करना आवश्यक है। राज्यपाल की इस अपील के साथ मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी रही।