गरीबों तक पहुंचा सरकार का तोहफा, नावाडीह में बांटी गई धोती-साड़ी और लुंगी

गरीबों तक पहुंचा सरकार का तोहफा, नावाडीह में बांटी गई धोती-साड़ी और लुंगी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 14, 2026, 7:21:00 PM

झारखंड सरकार की सामाजिक कल्याण योजनाओं को ग्रामीण स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में मंगलवार को विष्णुगढ़ पंचायत के नावाडीह गांव में सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान पर आयोजित इस कार्यक्रम में पात्र लाभुकों को धोती, साड़ी और लुंगी उपलब्ध कराई गई।

यह वितरण कार्यक्रम झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रखंड सचिव संजय प्रजापति की मौजूदगी में डीलर बालगोविंद राम की जनवितरण दुकान पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने योजना का लाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर संजय प्रजापति ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद वर्ग तक सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।

उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि यदि किसी पात्र लाभार्थी को राशन, पेंशन अथवा किसी अन्य सरकारी योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई आती है, तो वे अपने स्थानीय जनप्रतिनिधियों या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें। इससे समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा और योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सकेगा।

विष्णुगढ़ से सुनील सागर की रिपोर्ट