रांची नगर निगम चुनाव के मतदान दिवस पर सामने आई गड़बड़ियों ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। मतदाता सूची में त्रुटियों और मतदान केंद्रों के निर्धारण में खामियों को गंभीर मानते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय में विधिवत प्राप्त करा दिया गया।
आयोग ने मीडिया में प्रकाशित खबरों का उल्लेख करते हुए कहा है कि 23 फरवरी को मतदान के दौरान नगर निगम क्षेत्र के कई मतदाताओं को सूची संबंधी त्रुटियों और बूथ गठन की कमियों के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। आयोग ने इसे गंभीर मामला बताया है।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और त्रुटिरहित रखना लोक सेवकों की जिम्मेदारी है। मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। इस संदर्भ में आयोग ने मतदाता सूची के निर्माण, वार्डवार सूची के विभाजन और मतदान केंद्रों के गठन की प्रक्रिया की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की पहचान कर उनकी जवाबदेही तय करने को कहा है। बीएलओ समेत जिन कर्मियों की भूमिका रही है, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा सहित जांच रिपोर्ट सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।