JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच JLKM नेता देवेंद्र नाथ महतो भी विधानसभा घेराव में शामिल होने पहुंच गए हैं। कई दिनों से अनशन कर रहे देवेंद्र महतो धरना स्थल से एंबुलेंस के जरिए विधानसभा की ओर रवाना हुए। इस दौरान उनके हाथ में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर भी नजर आई।
देवेंद्र नाथ महतो लंबे समय से छात्रों की मांगों के समर्थन में अनशन पर हैं। आंदोलन के दौरान उन्होंने कुछ समय के लिए पानी का सेवन भी बंद कर दिया था। हालांकि, सोनम वांगचुक के आग्रह के बाद उन्होंने दोबारा पानी लेना शुरू किया।
अनशन के दौरान डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार लंबे समय तक भोजन से दूर रहने के कारण उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। डॉक्टरों ने उन्हें मौजूदा स्थिति में अनशन जारी नहीं रखने की सलाह दी है और आशंका जताई है कि यदि यह सिलसिला लंबे समय तक चलता रहा तो शरीर के महत्वपूर्ण अंग प्रभावित हो सकते हैं।
इसके बावजूद देवेंद्र नाथ महतो आंदोलन से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि छात्रों की बड़ी संख्या में मौजूदगी और अपनी मांगों के लिए उनकी आवाज उन्हें लगातार आगे बढ़ने की हिम्मत दे रही है।
इधर, JLKM के एकमात्र विधायक जयराम महतो ने भी छात्रों के समर्थन में एक दिन का निर्जला उपवास रखा था। उनका यह उपवास अब समाप्त हो चुका है। छात्र आंदोलन के बीच देवेंद्र नाथ महतो का एंबुलेंस से विधानसभा घेराव में पहुंचना आंदोलनकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। वहीं, उनके स्वास्थ्य को लेकर चिकित्सकों की चिंता भी लगातार बनी हुई है।