JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में सुधार और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन ने अब सियासी हलचल तेज कर दी है। 20 अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव के ऐलान के बीच झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 18 अगस्त को रांची में उच्चस्तरीय बैठक बुलाने का फैसला किया है।
बैठक पुराना विधानसभा सभागार में शाम 4 बजे से होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर होने वाली इस बैठक में प्रदेश प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी बेला, राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी और सभी जिलाध्यक्ष शामिल होंगे।
परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों की नाराजगी अब सत्तारूढ़ गठबंधन के साथ कांग्रेस तक भी पहुंच रही है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व छात्रों के असंतोष को गंभीरता से लेते हुए उनके साथ संवाद की रणनीति पर विचार करेगा।
बैठक में इस बात पर चर्चा होने की संभावना है कि छात्रों की मांगों को लेकर पार्टी किस तरह प्रभावी पहल करे और युवाओं के बीच संवाद स्थापित किया जाए। आंदोलन के राजनीतिक असर को देखते हुए कांग्रेस संगठन स्तर पर भी आगे की रणनीति तैयार करेगी।
मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा के मुताबिक बैठक का एजेंडा केवल छात्र आंदोलन तक सीमित नहीं रहेगा। राज्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण और नीतिगत मुद्दों पर भी पार्टी अपना रुख तय करेगी।
खास तौर पर खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026 को लेकर कांग्रेस की आधिकारिक रणनीति पर चर्चा होगी। इसके साथ ही विस्थापितों समेत झारखंड हित से जुड़े मुद्दों पर भी विचार किया जाएगा।
20 अगस्त के प्रस्तावित प्रदर्शन से महज दो दिन पहले होने वाली यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार राजनीतिक महत्व हासिल कर रहा है। ऐसे में कांग्रेस की यह बैठक आगामी दिनों में सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच संवाद को लेकर पार्टी की दिशा तय करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।