स्टेट हैंगर परियोजना का जायजा लेने पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, समयसीमा में काम पूरा करने का दिया आदेश

स्टेट हैंगर परियोजना का जायजा लेने पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, समयसीमा में काम पूरा करने का दिया आदेश

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 23, 2026, 6:21:00 PM

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे में बन रहे स्टेट हैंगर और उससे जुड़े बुनियादी ढांचे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, उनकी गुणवत्ता और तय समयसीमा के अनुपालन को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि परियोजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत और आधुनिक आधारभूत संरचना राज्य के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है, जो न केवल प्रशासनिक कामकाज को बेहतर बनाती है, बल्कि झारखंड की सकारात्मक छवि को भी सुदृढ़ करती है।

सोरेन ने निर्माण कार्यों में उन्नत तकनीकों के उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर संसाधनों और प्रभावी प्रबंधन के साथ कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर देरी या गुणवत्ता से समझौता न हो। साथ ही, उन्होंने काम की रफ्तार तेज रखने के निर्देश भी दिए।

इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना की प्रगति, वर्तमान स्थिति और आगे की कार्ययोजना से अवगत कराया।