आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की मौत की गुत्थी सुलझाएगी CBI, मुख्य आरोपी के ठिकानों पर दबिश

आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मोर्चा संभाल लिया है। स्थानीय पुलिस से केस अपने हाथ में लेते ही केंद्रीय एजेंसी एक्शन मोड में आ गई है।

रांची : आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मोर्चा संभाल लिया है। स्थानीय पुलिस से केस अपने हाथ में लेते ही केंद्रीय एजेंसी एक्शन मोड में आ गई है और सोमवार को मुख्य आरोपी अजय तिर्की के आवास पर पहुंचकर घंटों तलाशी अभियान चलाया।  

दिल्ली की स्पेशल टीम ने दर्ज किया केस

इस हाई-प्रोफाइल मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई की दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 ने नया केस (RC 0482026S0007) रजिस्टर किया है। इससे पहले यह मामला रांची के पिठोरिया थाने में दर्ज था, जिसे अब आधिकारिक तौर पर केंद्रीय एजेंसी को स्थानांतरित कर दिया गया है।  

दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों की गहन जांच

केस टेकओवर करने के तुरंत बाद सीबीआई के अधिकारियों की विशेष टीम ने मुख्य संदिग्ध अजय तिर्की के घर पर दस्तक दी। सूत्रों के मुताबिक, टीम ने परिसर में कई घंटों तक रुककर कागजी दस्तावेजों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल साक्ष्यों को भी बारीकी से खंगाला।  

BNS की गंभीर धाराओं में कार्रवाई

केंद्रीय जांच एजेंसी ने अपनी प्राथमिकी में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा सहित कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों को नामजद किया है। इन सभी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) और धारा 61(2) (आपराधिक साजिश रचने) के अंतर्गत कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।

रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट