एक ही दिन JPSC पीटी और हाईकोर्ट इंटरव्यू से अभ्यर्थी परेशान, छात्रों ने उठाई बदलाव की मांग

एक ही दिन JPSC पीटी और हाईकोर्ट इंटरव्यू से अभ्यर्थी परेशान, छात्रों ने उठाई बदलाव की मांग

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 03, 2026, 5:32:00 PM

झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों उम्मीदवार इन दिनों असमंजस की स्थिति में हैं। राज्य की दो प्रमुख संस्थाओं; झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड हाईकोर्ट द्वारा जारी परीक्षा और इंटरव्यू कार्यक्रम आपस में टकरा गए हैं, जिससे अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है।

दरअसल, जेपीएससी ने असैनिक संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा (विज्ञापन संख्या-1/2026) की प्रारंभिक परीक्षा के लिए 19 अप्रैल 2026 की तारीख तय की है। इस परीक्षा का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। पहला पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा पेपर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।

वहीं दूसरी ओर, झारखंड हाईकोर्ट ने सिविल कोर्ट में असिस्टेंट और क्लर्क पदों पर नियुक्ति के लिए साक्षात्कार का कार्यक्रम 13 अप्रैल से 19 अप्रैल तक तय किया है। समस्या यह है कि कई उम्मीदवारों का इंटरव्यू 19 अप्रैल को ही निर्धारित किया गया है, जिससे वे दोनों प्रक्रियाओं में एक साथ शामिल नहीं हो पा रहे हैं।

इस टकराव ने अभ्यर्थियों के सामने गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है कि वे किसे प्राथमिकता दें—लिखित परीक्षा या इंटरव्यू। प्रभावित उम्मीदवारों ने इस मुद्दे को लेकर झारखंड हाईकोर्ट से संपर्क किया है और इंटरव्यू की तारीख में बदलाव की मांग की है। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश से अपील की है कि कार्यक्रम में संशोधन किया जाए ताकि किसी भी उम्मीदवार का नुकसान न हो।

छात्रों का कहना है कि यदि तिथियों का टकराव किसी अन्य राज्य की परीक्षा के साथ होता, तो स्थिति अलग हो सकती थी। लेकिन राज्य की ही दो महत्वपूर्ण संस्थाओं द्वारा एक ही दिन महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं तय कर देना उनके भविष्य के साथ अन्याय जैसा है।