छात्र आंदोलन के बीच CM की राज्यपाल से अहम मुलाकात, JPSC-JSSC विवाद पर मंथन

छात्र आंदोलन के बीच CM की राज्यपाल से अहम मुलाकात, JPSC-JSSC विवाद पर मंथन

झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठ रहे विवाद और राजधानी रांची में जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। इस दौरान भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को मौजूदा स्थिति से अवगत कराते हुए छात्र आंदोलन की पृष्ठभूमि और भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठाई जा रही आपत्तियों की जानकारी दी। दोनों के बीच इस विषय पर निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि किसी भी भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आयोगों की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे अभ्यर्थियों का भरोसा कायम रहे और पारदर्शिता पर किसी प्रकार का संदेह उत्पन्न न हो। उन्होंने कथित अनियमितताओं के आरोपों को गंभीर विषय बताते हुए छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता भी रेखांकित की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी के साथ अन्याय हुआ है तो उसे न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और इस दिशा में सरकार पूरी गंभीरता से कार्रवाई करेगी। इस दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद रहे।