मॉनसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक, सदन की गरिमा बनाये रखने की अपील

मॉनसून सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक, सदन की गरिमा बनाये रखने की अपील

झारखंड विधानसभा के आगामी मॉनसून सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से बुधवार को विधानसभा परिसर स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने की, जबकि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी इसमें शामिल हुए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य 6 अगस्त 2026 से शुरू होने वाले झारखंड विधानसभा के षष्ठम विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और संसदीय परंपराओं के अनुरूप संचालित करना रहा। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष सहित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ सदन की कार्यवाही को प्रभावी एवं गरिमामय बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों से अपील की कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय मर्यादाओं का सम्मान करते हुए सदन की कार्यवाही में सकारात्मक भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा और सहयोगपूर्ण वातावरण ही विधानसभा की गरिमा को बनाए रख सकता है।

बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो और निर्मल महतो समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा विधानसभा से जुड़े अन्य अधिकारी एवं संबंधित लोग भी बैठक में उपस्थित रहे।