आय से अधिक संपत्ति मामले में ACB की जांच तेज, स्निग्धा सिंह से दोबारा पूछताछ शुरू

आय से अधिक संपत्ति मामले में ACB की जांच तेज, स्निग्धा सिंह से दोबारा पूछताछ शुरू

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 23, 2026, 2:03:00 PM

झारखंड में आय से अधिक संपत्ति के मामले में निलंबित IAS अधिकारी विनय चौबे और उनके परिजनों के खिलाफ जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस केस में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने अपनी कार्रवाई तेज करते हुए सोमवार को विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह से एक बार फिर पूछताछ शुरू की।

इससे पहले भी एजेंसी ने पिछले सप्ताह विनय सिंह और स्निग्धा सिंह से पूछताछ की थी। हालांकि, जांच अधिकारियों के अनुसार उस दौरान दिए गए जवाब स्पष्ट नहीं थे और कई सवालों पर संतोषजनक जानकारी नहीं मिल सकी। ऐसे में एजेंसी ने दोबारा पूछताछ का फैसला लिया।

सूत्रों के मुताबिक, इस बार ACB बैंक खातों में हुए लेनदेन, अलग-अलग तारीखों पर जमा राशि और कंपनियों के माध्यम से हुए वित्तीय प्रवाह से जुड़े विस्तृत सवाल कर सकती है। जांच का फोकस पैसों के स्रोत और संपत्ति अर्जन के तरीके को स्पष्ट करने पर है।

इस मामले में पहले ही विनय चौबे, उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह और उनकी पत्नी के साथ-साथ अन्य परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। जांच एजेंसी को अब तक कई ऐसी संपत्तियों की जानकारी मिली है, जिनके मालिकाना हक और वित्तीय स्रोत संदिग्ध बताए जा रहे हैं।

ACB का कहना है कि जांच के दौरान कई मूल्यवान और कथित तौर पर बेनामी संपत्तियों का पता चला है, जिनकी वैधता की पड़ताल की जा रही है। एजेंसी इस पूरे मामले में वित्तीय लेनदेन की परतें खोलने में जुटी हुई है और आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।