भव्य परेड, कड़ी सुरक्षा और सांस्कृतिक संध्या... आजादी के जश्न के लिए पलामू तैयार

भव्य परेड, कड़ी सुरक्षा और सांस्कृतिक संध्या... आजादी के जश्न के लिए पलामू तैयार

स्वतंत्रता दिवस के सफल और गरिमामय आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए पलामू जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व का आयोजन पूरे उत्साह, अनुशासन और भव्यता के साथ होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि 15 अगस्त को मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन सुबह 9:05 बजे पुलिस लाइन, मेदिनीनगर में किया जाएगा। इसके उपरांत प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय, जिला समाहरणालय, नगर निगम, जिला परिषद, सदर अनुमंडल कार्यालय, रेड क्रॉस सोसाइटी सहित जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होंगे।

समारोह में अर्धसैनिक बलों की विभिन्न टुकड़ियां परेड में हिस्सा लेंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली परेड टुकड़ियों को सम्मानित करने की भी योजना बनाई गई है। कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। सहायक नगर आयुक्त को पुलिस लाइन स्टेडियम में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, जबकि संबंधित विभागों को बैरिकेडिंग, चिकित्सा दल की तैनाती और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में यह भी तय किया गया कि स्वतंत्रता दिवस से पहले पुलिस लाइन स्टेडियम के साथ-साथ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं और स्मारकों की विशेष साफ-सफाई कराई जाएगी, ताकि पूरे शहर में राष्ट्रीय पर्व का वातावरण दिखाई दे।

इसके अलावा प्रशासन ने 15 अगस्त के अवसर पर जिले की सभी शराब दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। वहीं, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर टाउन हॉल में सांस्कृतिक संध्या आयोजित कर देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक कपील चौधरी, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट