पलामू: भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता और संवैधानिक आदर्शों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ गुरुवार को पलामू समाहरणालय सभागार में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की उपस्थिति में पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त शेखावत ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता का अधिकार एवं अवसर प्रदान करता है। संविधान निर्माताओं ने जिस दूरदर्शिता और विचारशीलता के साथ देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रदान की, उसका सम्मान और उसके मूल्यों का पालन करना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने विशेष रूप से पलामू के लिए गौरव की बात साझा करते हुए कहा कि संविधान निर्माण की प्रक्रिया में जिले के दो सपूत यदुवंश सहाय (यदु बाबू) और अमिय कुमार घोष (गोपा बाबू) भी संविधान सभा के सदस्य के रूप में शामिल थे। संविधान निर्माण में उनका योगदान पलामू के इतिहास की गौरवशाली विरासत है। उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाना चाहिए।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता और समानता सुनिश्चित करने के साथ राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए बंधुता बढ़ाने का संकल्प लिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। संविधान दिवस के अवसर पर जीएलए कॉलेज स्थित आईआरबी-10 मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अंचल कार्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित कर संविधान की उद्देशिका का वाचन किया गया।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट