प्रभात मेहता अपहरण और हत्याकांड: जांच के लिए आइपीएस के नेतृत्व में एसआइटी गठित

पलामू जिले के चर्चित प्रभात मेहता अपहरण और हत्याकांड मामले की जांच अब तेज होगी। मामले में परिजनों द्वारा पुलिस की जांच पर सवाल उठाए जाने के बाद आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है।

पलामू: जिले के चर्चित प्रभात मेहता अपहरण और हत्याकांड मामले की जांच अब तेज होगी। मामले में परिजनों द्वारा पुलिस की जांच पर सवाल उठाए जाने के बाद आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है। SIT का नेतृत्व पलामू में हुसैनाबाद के एसडीपीओ आईपीएस दिव्यांशु शुक्ला करेंगे।

ज्ञात हो कि पाटन थाना क्षेत्र के सहदेवा गांव निवासी प्रभात मेहता 23 मई को लापता हो गए थे। चार दिन बाद 27 मई को उनका शव बरामद हुआ था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपी मृतक प्रभात मेहता का करीबी मित्र बताया जा रहा है। वहीं दूसरे आरोपी धर्मेंद्र कुमार को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाकर पूछताछ कर चुकी है।

SIT गठन के बाद अब पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों को खंगालने में जुट गई है। इसमें आरोपियों की कॉल डिटेल और लोकेशन भी शामिल है। परिजनों ने पहले ही इस हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह विशेष टीम बनाई गई है।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट