मेदिनीनगर : पलामू पुलिस ने बुधवार को राजू तिर्की उर्फ आयुष तिर्की के काफिले को रोककर पूछताछ के लिए थाना ले गई।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा गांव में बुधवार को एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान के उद्घाटन समारोह में राजू तिर्की का काफिला जा रहा था। जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी मिली, पुलिस ने रास्ते में ही राजू तिर्की के काफिले को रोक लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अफरा-तफरी मच गई।
हथियार और गाड़ियों के कागजात की जांच
कार्यक्रम में पहुंचे राजू तिर्की उर्फ आयुष तिर्की के हथियार के लाइसेंस और वाहनों के दस्तावेजों की पुलिस अधिकारियों ने जांच की। दस्तावेजों की जांच के बाद पुलिस टीम राजू तिर्की को उनकी दो गाड़ियों के साथ मेदिनीनगर शहर थाना ले गई। वहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
अब तक गिरफ्तारी स्पष्ट नहीं
इधर पुलिस की ओर से अब तक उनकी गिरफ्तारी या हिरासत में लिए जाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हथियार के लाइसेंस और वाहनों के कागजात का सत्यापन किया जा रहा है।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट