पलामू जिले में आमजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को आयोजित किए जा रहे जन समाधान दिवस के तहत जिले के सभी प्रखंडों एवं अंचलों में शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आमजनों ने अपनी समस्याएं और आवेदन संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
उल्लेखनीय है कि गत शनिवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने चैनपुर प्रखंड से जिले के सभी प्रखंडों में जन समाधान दिवस का शुभारंभ किया था। इसी क्रम में शनिवार को सभी प्रखंडों में जन समाधान दिवस का आयोजन कर आमजनों की समस्याएं सुनी गईं तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जन समाधान दिवस का उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए समाहरणालय तक लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता से राहत प्रदान करना तथा प्रशासनिक सेवाओं को उनके द्वार तक पहुंचाना है। शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रखंड एवं अंचल स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट