पलामू: जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतपुरवा मोड़ के समीप कुंदरहिया नाला से एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही थी।
जानकारी के अनुसार, नाले से आ रही दुर्गंध के बाद स्थानीय ग्रामीणों की नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना लेस्लीगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। बाद में मृतका की पहचान कमलकेड़िया निवासी बसंत शुक्ला की पुत्री रिंकी कुमारी के रूप में हुई। बताया जाता है कि रिंकी मानसिक रूप से कमजोर थीं।
मौत की परिस्थितियों पर उठ रहे सवाल
महिला का शव नाले में किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शव बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि रिंकी कुमारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट