पलामू: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शनिवार को उनके कार्यालय कक्ष में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के तहत अब तक हुई प्रगति एवं आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त श्री शेखावत ने मतदाता सूची में नाम शामिल करने, नो मैपिंग एवं लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी से संबंधित लंबित मामलों के निष्पादन तथा आवश्यक दस्तावेजों के संग्रहण की समीक्षा की। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बीएलए-2 के माध्यम से योग्य मतदाताओं को प्रपत्र-6 भरने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी राजनीतिक दलों की सहभागिता एवं सहयोग महत्वपूर्ण है। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट