हुसैनाबाद (पलामू) : हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अलीमदद गांव से एक विवाहिता के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। 26 अक्टूबर की दोपहर घर से निकली विवाहिता सीमा देवी का पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। उनकी तलाश में परिजन परेशान हैं। वहीं, मुंबई में मजदूरी कर रहे पति भोला पासवान को पत्नी के लापता होने की सूचना मिलने के बाद परिवार ने पुलिस से सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
भोला पासवान की पत्नी सीमा देवी गत 26 अक्टूबर की दोपहर किसी काम से घर से निकली थीं
जानकारी के अनुसार, अलीमदद गांव निवासी भोला पासवान की पत्नी सीमा देवी (34 वर्ष) गत 26 अक्टूबर की दोपहर किसी काम से घर से निकली थीं। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
सीमा देवी के लापता होने की सूचना मुंबई में मजदूरी कर रहे उनके पति भोला पासवान को दी गई
सीमा देवी के लापता होने की सूचना मुंबई में मजदूरी कर रहे उनके पति भोला पासवान को दी गई। इसके बाद उनके पिता विश्वनाथ पासवान ने हुसैनाबाद थाना पहुंचकर आवेदन दिया और बहू की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। इस संबंध में हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। विवाहिता की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, परिवार के लोग भी अपने स्तर से उनकी खोजबीन में जुटे हैं।
पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट