कुएं में मिले दो नाग-नागिन, देखने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, वन विभाग को सूचना

(पलामू): हैदरनगर थाना क्षेत्र के चौकड़ी गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब मध्य विद्यालय के पास खेत के एक कुएं में दो बड़े सांप देखे गए। ग्रामीणों ने इसे नाग-नागिन का जोड़ा बताया।

हैदरनगर,(पलामू): हैदरनगर थाना क्षेत्र के चौकड़ी गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब मध्य विद्यालय के पास खेत के एक कुएं में दो बड़े सांप देखे गए। ग्रामीणों ने इसे नाग-नागिन का जोड़ा बताया। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव सहित आसपास के इलाकों में आग की तरह फैल गई।

ग्रामीणों के अनुसार किसान अपने खेत की ओर गया था, तभी उसकी नजर कुएं में पड़े दो सांपों पर पड़ी। दोनों सांप कुएं के अंदर एक साथ लिपटे हुए थे। ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से इस क्षेत्र में सांप देखे जा रहे थे, लेकिन कुएं में जोड़े के रूप में पहली बार देखा गया है। इसे लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा भी हो रही है। कुछ लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं।

घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान को दी। थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग को सूचना दे दी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि कुएं के पास भीड़ न लगाएं और सांपों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचाएं। वन विभाग की टीम के पहुंचने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।

इधर, नाग-नागिन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग कुएं के पास पहुंचने लगे। भीड़ को नियंत्रित करने में ग्रामीण लगे हैं। समाचार लिखे जाने तक वन विभाग की टीम गांव के लिए रवाना हो चुकी थी। ग्रामीणों ने सुरक्षित तरीके से सांपों को निकालकर जंगल में छोड़ने की मांग की है।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट