जपला स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार और लावारिस खेप जब्त

पलामू: पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत जपला रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत प्लेटफॉर्म एवं ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर कुल 62.6 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक तस्कर को भी रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

पलामू: पूर्व मध्य रेल के डीडीयू मंडल अंतर्गत जपला रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत प्लेटफॉर्म एवं ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर कुल 62.6 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक तस्कर को भी रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार 22 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 53357 (बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन) के आगमन पर आरपीएफ टीम ने संदिग्ध अवस्था में उतरे पुष्पेंद्र मिश्र (34 वर्ष, निवासी नटवार, रोहतास, बिहार) को रोका। तलाशी लेने पर उसके नीले पिट्ठू बैग से 'रॉयल झारखंड' निर्मित देशी शराब की 28 बोतलें (5.6 लीटर, कीमत ₹1,260) बरामद हुईं। 

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बिहार में ऊंचे दामों पर शराब बेचने के लिए तस्करी कर रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू की गई। वहीं, 23 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 53349 के इंजन से सटे कोच (ECR 134654) की जांच के दौरान दो लावारिस बोरों से 'रॉयल' और 'टनाका' ब्रांड की 235 बोतलें (कुल 57 लीटर, कीमत ₹10,575) बरामद की गईं। 

यात्रियों द्वारा मालिकाना हक न जताने पर शराब को जब्त कर लिया गया। आरपीएफ जपला के निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक फबियन कुल्लू, सहायक उप निरीक्षक उमा कांत राम, प्रधान आरक्षी शैलेंद्र कुमार मिश्रा, राजनाथ एवं आरक्षी उपेन्द्र यादव ने इन कार्रवाइयों को अंजाम दिया। जब्त शराब को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद अधीक्षक, डाल्टनगंज  को सुपुर्द किया जा रहा है।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट