धरना जारी, ग्रामीण बोले-सांसद महोदय कब पहुंचेंगे, अब आर-पार की लड़ाई होगी

पलामू। मेदिनीनगर सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बखारी गांव में बुधवार को भी ग्रामीणों का धरना दूसरे दिन जारी रहा। नए रेलवे लाइन के निर्माण कार्य को ग्रामीणों ने लगातार दूसरे दिन भी पूरी तरह ठप करवा दिया।

पलामू। मेदिनीनगर सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बखारी गांव में बुधवार को भी ग्रामीणों का धरना दूसरे दिन जारी रहा। नए रेलवे लाइन के निर्माण कार्य को ग्रामीणों ने लगातार दूसरे दिन भी पूरी तरह ठप करवा दिया। ग्रामीणों का गुस्सा इस कदर है कि धरना स्थल पर महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की भारी भीड़ जुटी रही। सभी की एक ही मांग है- "पहले अंडरपास और पक्की सड़क, फिर रेलवे का काम"।

आरोप: आश्वासन देकर भूल गए सांसद और रेलवे अधिकारी

ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे के अधिकारी और पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने काम शुरू करने से पहले अंडरपास और वैकल्पिक रास्ता देने का वादा किया था। लेकिन अब लाइन का काम शुरू हो गया और ग्रामीणों को आने-जाने के लिए कोई रास्ता नहीं बचा।ग्रामीणों ने कहा "सांसद महोदय कब पहुंचेंगे, वादा कर के भूल जाते हैं"। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जीतने के बाद गांव की सुध कोई नहीं लेता।

पशुओं की कटने की बढ़ी घटनाएं, जान का खतरा

ग्रामीणों ने बताया कि रास्ता बंद होने से पशु रोजाना रेलवे ट्रैक पर चले जाते हैं। अब तक कई गाय, बैल और बकरी ट्रेन से कटकर मर चुके हैं। बच्चों और बुजुर्गों को भी खेत और बाजार जाने में जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। आपात स्थिति में एंबुलेंस तक गांव तक नहीं पहुंच पा रही है।

मनोहर राम: "अब आर-पार की लड़ाई होगी"

ग्रामीण नेता मनोहर राम ने कहा कि "ग्रामीणों के साथ खिलवाड़ हम कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे"। जब तक प्रशासन लिखित में अंडरपास और सड़क बनाने की गारंटी नहीं देता, तब तक एक भी ईंट नहीं लगने दी जाएगी। 

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो रेल चक्का जाम और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। "सड़क नहीं रहने से हम सभी का जीना मुश्किल हो गया है। आपात होने पर हम लोग कहां जाएंगे"।ग्रामीणों ने रेलवे और जिला प्रशासन से मांग की है कि तुरंत वार्ता कर समस्या का समाधान निकाला जाए।धरने में छोटन राम भी शामिल रहे और उन्होंने ग्रामीणों का समर्थन किया।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट