IRB-10 पलामू कैंप में 2 मिनट का मौन रखकर शहीद जवानों के साहस, त्याग व बलिदान को किया गया याद

पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर आईआरबी-10 पलामू कैंप परिसर स्थित जीएलए कॉलेज परिसर में वीर शहीद पुलिस जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

पलामू : पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर आईआरबी-10 पलामू कैंप परिसर स्थित जीएलए कॉलेज परिसर में वीर शहीद पुलिस जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा एवं सम्मान की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीद पुलिसकर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही उनके अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया।

पुलिस की वर्दी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि अनुशासन, साहस, त्याग, निष्ठा और जिम्मेदारी का प्रतीक है - पुलिस उपाधीक्षक

कार्यक्रम में उपस्थित वाहिनी के पुलिस उपाधीक्षक संदीप सुमन ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि अनुशासन, साहस, त्याग, निष्ठा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इस वर्दी को धारण करने वाला प्रत्येक जवान अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए सदैव तत्पर रहता है। आतंकवाद से मुकाबला हो, नक्सल विरोधी अभियान हो, आपदा की स्थिति हो या कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती, पुलिस के जवान हर परिस्थिति में देश और समाज की सेवा के लिए खड़े रहते हैं।

पुलिस उपाधीक्षक ने कहा- कर्तव्य के मार्ग पर चलते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता

उन्होंने कहा कि कर्तव्य के मार्ग पर चलते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा देश और समाज की सुरक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया गया।

पलामू से विकास कश्यप की रिपोर्ट